नव संवत्सर 2083 का शुभारंभ 19 मार्च से

सिंगरौली। सिंगरौली में नव विक्रम संवत्सर 2083 का शुभारंभ 19 मार्च 2026 से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन होगा। इस वर्ष का नाम ‘रौद्र’ रखा गया है, जो ज्योतिषीय दृष्टि से परिवर्तन और उतार-चढ़ाव का संकेत देता है। इसी दिन से चैत्र नवरात्रि भी प्रारंभ होगी, जो 27 मार्च तक चलेगी।
ज्योतिषविद् डॉ. एन.पी. मिश्र के अनुसार इस वर्ष गुरु के राजा होने से विकास और आध्यात्मिक उन्नति के योग बन रहे हैं, वहीं मंगल के मंत्री होने से सामाजिक तनाव और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने बताया कि समय पर वर्षा से कृषि क्षेत्र को लाभ मिलेगा, लेकिन महंगाई और साइबर अपराधों में वृद्धि की संभावना है।
उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और धार्मिक गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने की सलाह दी है। कुल मिलाकर यह वर्ष सफलता और चुनौतियों का मिश्रण रहेगा, जिसमें संयम और सजगता से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकेंगे।













