सिंगरौली में प्रशासन का बुलडोजर: पीजी कॉलेज की जमीन से हटाए गए अवैध कब्जे

सिंगरौली। जिला मुख्यालय के समीप गनियारी क्षेत्र में पीजी कॉलेज के लिए आरक्षित शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। इस दौरान राजस्व और पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान में करीब 15 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई तहसीलदार सविता यादव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शेष बचे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।

2024 से लंबित था बेदखली आदेश
राजस्व विभाग के अनुसार, गनियारी की इस कीमती शासकीय जमीन पर करीब तीन दर्जन लोगों ने अवैध कब्जा कर पक्के मकान बना लिए थे। इस संबंध में 15 मार्च 2024 को ही बेदखली आदेश जारी किया गया था, लेकिन अब जाकर उस पर अमल हुआ।
प्रशासन ने 12 मार्च को अंतिम नोटिस जारी कर 16 मार्च तक कब्जा हटाने का समय दिया था, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई।
कमिश्नर- कलेक्टर के निरीक्षण के बाद सख्ती
हाल ही में रीवा संभाग के आयुक्त बी.एस. जामोद और कलेक्टर गौरव बैनल ने लगभग 26.91 करोड़ रुपये की लागत से बने पीजी कॉलेज भवन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान परिसर के आसपास बड़े पैमाने पर अतिक्रमण पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और तत्काल हटाने के निर्देश दिए थे।इन्हीं निर्देशों के पालन में प्रशासन ने अभियान चलाया।
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
कार्रवाई के बाद प्रभावित लोगों ने दावा किया कि कई मकानों में पहले से बिजली कनेक्शन और अमृत जल योजना की पाइपलाइन मौजूद थी। कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी मकान स्वीकृत हुए थे।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब निर्माण कार्य हो रहा था, तब नगर निगम और राजस्व विभाग ने समय रहते रोक क्यों नहीं लगाई।













