पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं का हुआ निराकरण

सिंगरौली। सिंगरौली में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम, प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक रोशनी पटेल, कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार, विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी, नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार, खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में महिला फरियादियों की शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सिंगरौली पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित में इस प्रकार की जनसुनवाई नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।













