2 घंटे में गुमशुदा मासूम बरामद, नवानगर पुलिस की तत्परता से परिवार में लौटी खुशियां

सिंगरौली। सिंगरौली के नवानगर थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। यहां डेढ़ वर्ष की गुमशुदा बालिका को महज 2 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना रात्रि करीब 12:10 बजे डायल 112 के माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा को अवगत कराया गया। उनके मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक रोशनी कुर्मी के निर्देशन में थाना प्रभारी अनिल पटेल अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बालिका की माता शिवकुमारी दोपहर में जंगल लकड़ी लेने गई थीं और बच्ची को बड़े पिता के पास छोड़ गई थीं। लौटने पर बच्ची घर पर नहीं मिली, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने सूझबूझ के साथ परिजनों से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि बालिका की मामी बिना बताए उसे अपने मायके ले गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात करीब 2 बजे बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी अनिल पटेल, सउनि अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सिंह सेंगर, आरक्षक अमृत सिंह राजपूत एवं आरक्षक दिलीप धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली और विभाग की सराहना की।













