दूधीचुआ क्षेत्र में ओपन जिम का भव्य उद्घाटन, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश

सिंगरौली। दूधीचुआ क्षेत्र के सेक्टर–ए में नव निर्मित ओपन जिम का भव्य एवं गरिमामय उद्घाटन क्षेत्रीय महाप्रबंधक विनोद कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ हनुमान पूजन कर की गई, जिसमें कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि की कामना की गई।
पूजन उपरांत महाप्रबंधक द्वारा ओपन जिम का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागाध्यक्ष (HODs), जेसीसी सदस्य, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि एवं दूधीचुआ क्षेत्र के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री विनोद कुमार सिंह ने शारीरिक फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है।” उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे इस ओपन जिम का अधिक से अधिक उपयोग कर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाएं।
कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से हुआ और सभी की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। उद्घाटन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह ओपन जिम दूधीचुआ क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य, फिटनेस और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम का समापन सभी के उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की शुभकामनाओं के साथ हुआ।













