करामी पंचायत में रोजा इफ्तारी का आयोजन, गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी मिसाल

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के ग्राम पंचायत करामी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रोजा इफ्तारी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सरपंच जुड़ावन सिंह करामी द्वारा किया गया, जहां रोजेदारों के लिए फल, पानी, ठंडा सहित अन्य व्यवस्थाएं की गईं।
मस्जिद परिसर के पास आयोजित इस इफ्तार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोजेदारों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर कुम्हिया पंचायत से कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष सतीश कुमार जायसवाल भी शामिल हुए। उन्होंने भी रोजेदारों के लिए फल की व्यवस्था कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक साथ बैठकर रोजा खोला और देश में अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगी। इस दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर झलक देखने को मिली।
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि गांव में भाईचारा और एकता का यह संदेश आगे भी इसी तरह कायम रखा जाएगा।













