छूही खदान धंसने से महिला की मौत, एक घायल

सिंगरौली/चितरंगी। चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम बैरदह में 16 मार्च 2026 को दर्दनाक हादसा हो गया। छूही खदान से सफेद मिट्टी निकालते समय अचानक खदान धंसने से दो महिलाएं मलबे में दब गईं। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसा सुदुरी खदान, चकदही क्षेत्र में हुआ बताया जा रहा है।
घायल महिला सुनीता साहू को आनन-फानन में बैरदह स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं मृत महिला की पहचान सनीता साहू, पति विश्राम साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी बैरदह के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।













