ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली कलेक्ट्रेट में सास-बहू का हाईवोल्टेज ड्रामा, बहस के बीच सास बेहोश

सिंगरौली । जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर बुधवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब एक पारिवारिक विवाद ने सार्वजनिक रूप ले लिया। सास-बहू के बीच तीखी बहस इतनी बढ़ गई कि बुजुर्ग सास अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

यह मामला बैढ़न क्षेत्र के सेमरिया गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली रैमून साह और उनकी बहू सुमित्रा सिंह के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा है। अपनी शिकायत लेकर दोनों पक्ष जिला प्रशासन के समक्ष पेश होने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, लेकिन बात सुनवाई से पहले ही विवाद में बदल गई।

 

दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप
विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए—
सास का आरोप: रैमून साह ने अपने बेटे पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बहू का पक्ष: सुमित्रा सिंह का कहना है कि उन्होंने प्राण कुमार से प्रेम विवाह किया है, जिसे उनकी सास स्वीकार नहीं कर रही हैं। उनका आरोप है कि सास उन्हें पति से अलग करना चाहती हैं और पहले भी घर से निकाल चुकी हैं।


कलेक्ट्रेट परिसर में बहस के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और रैमून साह बेहोश होकर गिर पड़ीं। यह देख वहां मौजूद अधिकारियों और लोगों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद तहसीलदार प्रीति सिकरवार ने तुरंत स्थिति संभालते हुए बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भिजवाया। राहत की बात यह रही कि कुछ ही देर में उनकी हालत सामान्य हो गई और वे दोबारा कलेक्ट्रेट लौट आईं।
घटना के बाद तहसीलदार ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाइश दी। उन्होंने परिवार के इस विवाद को कानूनी प्रक्रिया के बजाय आपसी बातचीत और समझौते से सुलझाने की सलाह दी।

Author

Related Articles

Back to top button