मध्य प्रदेशसिंगरौली

चितवाई के जंगल में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत चितवाई के घने जंगलों में मंगलवार शाम एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिससे आसपास तेज दुर्गंध फैल रही थी।

जानकारी के अनुसार, जंगल की ओर गए ग्रामीणों को अचानक तेज बदबू महसूस हुई। संदेह होने पर जब उन्होंने आसपास तलाश की, तो एक महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल बरगवां थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह करीब 5 से 6 दिन पुराना है।

घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतलें बरामद हुई हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
थाना प्रभारी मोहम्मद समीर के अनुसार, मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारण और समय का खुलासा हो सके।

पुलिस आसपास के थानों और गांवों में गुमशुदा महिलाओं के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला जंगल तक कैसे पहुँची और उसके साथ क्या घटना हुई।

Author

Related Articles

Back to top button