सिंगरौली में विकास को मिलेगी रफ्तार: 12.52 करोड़ से 66 कार्य स्वीकृत

विधायक रामनिवास शाह ने इन कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
सिंगरौली । सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 66 विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के लिए कुल 12 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। यह पहल क्षेत्र में सड़क, जल, शिक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
जानकारी के अनुसार, स्वीकृत कार्यों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ने के लिए पीसीसी सड़कों एवं पुलियाओं के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जैतपुर (वार्ड क्रमांक 20) एवं गहलिलगढ़ (वार्ड क्रमांक 37) में मां संत कर्मा मंगल भवन का निर्माण किया जाएगा, जिनके लिए क्रमशः 1.05 करोड़ और 1.15 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न ग्राम पंचायतों में चेक डैम एवं रपटा निर्माण के कार्य भी शामिल किए गए हैं, जिससे जल स्तर में सुधार की उम्मीद है। इसके अलावा आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण, स्कूल परिसरों में बाउंड्रीवॉल तथा शहरी क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु फीडर एक्सटेंशन जैसे कार्य भी योजना का हिस्सा हैं।
इस बजट से मकरोहर, खम्हरिया, सिद्धि कलां, सिद्धि खुर्द, कुम्हिया, उर्ती, गोभा, करौटी, बरहपान, हरहवा, झांझी टोला, सासन, पिपराकुरुंद, मझौली, चांचर एवं पिपरा सहित डेढ़ दर्जन से अधिक पंचायतों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक रामनिवास शाह ने इन कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और आमजन के जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने विशेष रूप से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या के समाधान हेतु नाली एवं पुलिया निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही।
क्षेत्रवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि विकास कार्यों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से सिंगरौली की तस्वीर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।













