शराब के नशे में स्कूल आने वाले शिक्षक निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बरगवां थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक पाठशाला मझौली टोला, मझगवां-2 में पदस्थ शिक्षक लखपति सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि वे रोजाना शराब के नशे में स्कूल आते थे और केवल हाजिरी लगाकर वापस घर चले जाते थे।
बताया जा रहा है कि इस मामले का एक वीडियो मंगलवार को सामने आया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों के अनुसार, शिक्षक का यह व्यवहार लंबे समय से जारी था। स्कूल में नामांकित 25-30 बच्चों में से आधे से अधिक ने पढ़ाई छोड़ दी थी।अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक शराब पीकर बच्चों के साथ बदसलूकी करते थे और सवाल पूछने पर ग्रामीणों से भी अभद्र व्यवहार करते थे। इस कारण अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से कतराने लगे थे।ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की शिकायत प्रशासन से की थी। शिकायत मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान शिक्षक लखपति सिंह नशे की हालत में पाए गए।
इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की आगे की जांच भी जारी है।ग्रामीणों की मांग है कि दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।













