अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में जिला स्तरीय सूर्योपासना पर्व सम्पन्न

सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार सिंगरौली जिले के बिलौजी स्थित अटल सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय सूर्योपासना एवं ध्वज पूजन कार्यक्रम के तहत विक्रमोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामनिवास शाह ने की। वहीं राजेन्द्र मेश्राम, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मंत्री राधा सिंह ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सम्राट विक्रमादित्य भारतीय इतिहास के महान, पराक्रमी और न्यायप्रिय शासक रहे हैं। उनके नाम पर ही विक्रम संवत की शुरुआत हुई, जो आज भी भारतीय पंचांग का प्रमुख आधार है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य युग परिवर्तन और नवजागरण की एक महत्वपूर्ण धुरी रहा है और यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है।
उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ में जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने का आह्वान किया।
विधायक रामनिवास शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि विक्रम संवत भारतीय संस्कृति और परंपराओं का आधार है। उन्होंने नवरात्रि और नववर्ष के अवसर पर देश, प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं विधायक राजेंद्र मेश्राम ने इसे सांस्कृतिक पुनर्स्थापना का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए सभी से अपनी विरासत से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एक्सट्रीम आर्ट एंड एजुकेशनल सोसायटी, सीधी के कलाकारों द्वारा सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। अंत में अतिथियों द्वारा कलाकारों को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमें, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह सहित कई अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।













