नवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, ज्वालामुखी धाम में मंत्री राधा सिंह ने की पूजा

सिंगरौली। चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही जिले भर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष रूप से अंतरराज्यीय सीमा से लगे प्रसिद्ध मां ज्वालामुखी मंदिर में पहले ही दिन हजारों भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।

इस अवसर पर चितरंगी विधायक एवं प्रदेश सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने सुबह मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने पति डॉ. रविंद्र सिंह के साथ देश, प्रदेश और जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मां ज्वालामुखी धाम क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र माना जाता है, जहां मध्यप्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। नवरात्रि के दौरान यहां विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं और भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए माता के दरबार में माथा टेकते हैं।
मान्यता है कि मां ज्वालामुखी के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूरी होती है। यही कारण है कि नवरात्रि के पहले दिन से ही मंदिर परिसर में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
प्रशासन द्वारा भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि दर्शन-पूजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके। नवरात्रि के दौरान आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।













