अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा: ससुराल में गला घोंटकर युवक की हत्या, ससुर-साला समेत 3 गिरफ्तार
शराब के नशे में विवाद बना वजह; शव को निर्माणाधीन मकान में फेंककर रची थी साजिश

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में हुई अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने महज तीन दिन में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के ससुर, साले समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 16 मार्च को सूचना मिली थी कि ग्राम मझिगवां के एक निर्माणाधीन मकान में देवधारी सिंह (25) निवासी बडगड, थाना माडा का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां डॉक्टरों ने गला दबाकर हत्या की पुष्टि की। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने धनी सिंह गोंड, चर्तुगुन सिंह और पुष्पेंद्र कुमार सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
पुलिस के मुताबिक मृतक अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर पत्नी मायके मझिगवां आकर रहने लगी थी। घटना की रात मृतक शराब के नशे में ससुराल पहुंचा और विवाद करने लगा। इसी दौरान गुस्से में आकर ससुर और साले ने साथी के साथ मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को पास के निर्माणाधीन मकान में फेंक दिया।इस पूरे मामले के खुलासे में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।













