ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

19 मार्च से 2 अप्रैल तक सिंगरौली में रामोत्सव, हनुमान जयंती पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा

समरसता और सांस्कृतिक एकता पर फोकस; शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी शोभायात्रा

सिंगरौली। जिले में 19 मार्च से 2 अप्रैल तक रामोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में होगा, जिसका उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में समरसता एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है।

आयोजकों के अनुसार, रामोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विशेष रूप से वंचित एवं श्रमिक वर्ग के सम्मान और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।
इसी क्रम में 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा दोपहर 3 बजे माजन मोड़ स्थित नगर निगम कार्यालय के पास शिव मंदिर से शुरू होकर राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम, बस स्टैंड और तुलसी मार्ग होते हुए बड़े हनुमान मंदिर बैढ़न में समाप्त होगी।शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। मार्ग में भक्ति गीतों, जयकारों और आकर्षक झांकियों के जरिए भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जीवन प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपीं और आयोजन को व्यवस्थित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की रणनीति बनाई। आयोजकों ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button