चितरंगी में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत तालाब गहरीकरण कार्य का शुभारंभ

चितरंगी। मध्यप्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत बघेलिया टोला में जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए तालाब गहरीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
यह पहल जल संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य न केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करना है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करना भी है। तालाबों और अन्य जल संरचनाओं के पुनर्जीवन से क्षेत्र में भूजल स्तर में वृद्धि होगी, जिससे कृषि और पेयजल की स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री राधा सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर जल संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
सभी नागरिकों से इस जनभागीदारी अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान भी किया गया।विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के प्रयास पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और स्थानीय जल संकट को कम करने में सहायक सिद्ध होते हैं।अंत में “जल है तो कल है” के संदेश के साथ लोगों को अपने क्षेत्र को जल संपन्न बनाने के लिए आगे आने की अपील की गई।













