देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ऑनलाइन जुआ-सट्टेबाजी पर सरकार का बड़ा एक्शन, 300 और अवैध वेबसाइट्स ब्लॉक

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 और अवैध वेबसाइट्स को ब्लॉक कर दिया है। इस कार्रवाई के साथ अब तक देशभर में कुल 8400 से अधिक ऐसे प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है।

यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा की गई है, जो लंबे समय से अवैध ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।

ऑनलाइन गेमिंग एक्ट के बाद तेज हुई कार्रवाई

सरकार ने 22 अगस्त 2025 को ऑनलाइन गेमिंग एक्ट लागू किया था, जिसे 1 अक्टूबर 2025 से सख्ती से लागू किया गया। इसके बाद से अवैध वेबसाइट्स और ऐप्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।
कुल बैन किए गए 8400 प्लेटफॉर्म्स में से करीब 4900 को इस कानून के लागू होने के बाद ही ब्लॉक किया गया है। इससे पहले जनवरी में भी 242 वेबसाइट्स पर कार्रवाई की गई थी।

इन प्लेटफॉर्म्स पर चला शिकंजा

सरकार ने उन सभी प्लेटफॉर्म्स को बंद किया है जो ऑनलाइन सट्टेबाजी, कैसीनो गेम्स, रूलेट, लाइव डीलर टेबल, मटका नेटवर्क, रियल मनी कार्ड गेम्स और पी-टू-पी सट्टेबाजी एक्सचेंज जैसी गतिविधियों में शामिल थे।

मनी लॉन्ड्रिंग और साइबर अपराध से जुड़ाव

जांच में सामने आया है कि ये अवैध वेबसाइट्स मनी लॉन्ड्रिंग और साइबर अपराधों में भी लिप्त थीं। कई प्लेटफॉर्म्स विदेशी सर्वर से संचालित हो रहे थे, जिससे आम लोगों के साथ वित्तीय धोखाधड़ी का खतरा बढ़ रहा था।

सरकार ने साफ संकेत दिया है कि देश में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button