एसी कोच अटेंडेंट के नियमों में बदलाव, अब 12वीं पास भी बन सकेंगे अटेंडेंट

जबलपुर। रेलवे में एसी कोच अटेंडेंट की भर्ती को लेकर नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे बोर्ड ने योग्यता मानदंडों में संशोधन करते हुए अब इस पद के लिए आईटीआई की अनिवार्यता समाप्त कर दी है।
अब यह होगी न्यूनतम योग्यता
नए नियमों के अनुसार, एसी कोच अटेंडेंट बनने के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास (इंटरमीडिएट) तय की गई है। हालांकि, उम्मीदवार को कोचों की छोटी-मोटी मरम्मत के लिए प्रशिक्षित होना जरूरी होगा। साथ ही अटेंडेंट को अपने कोच में सुपरवाइजर की भूमिका भी निभानी होगी।
रेलवे बोर्ड ने जारी किए निर्देश
रेलवे बोर्ड के निदेशक लव शुक्ला ने 18 मार्च 2026 को सभी जोनल महाप्रबंधकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। यह फैसला आईटीआई योग्य कर्मचारियों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए लिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 17 फरवरी 2026 को जारी अन्य सभी प्रावधान यथावत रहेंगे।
यात्रियों को बेहतर सुविधा देने पर जोर
यह बदलाव ऑन बोर्ड सर्विस को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। रेलवे का मानना है कि ट्रेनों में सफाई और सेवा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा था, जिसका मुख्य कारण अप्रशिक्षित और कम प्रेरित स्टाफ रहा है।
नई ऑन बोर्ड सर्विस पॉलिसी की खास बातें
प्रोफेशनल और जिम्मेदार सर्विस प्रोवाइडर्स को शामिल किया जाएगा
ट्रेन के पूरे सफर की जवाबदेही तय होगी
ऑन बोर्ड सफाई और हाउसकीपिंग पर विशेष ध्यान
प्रशिक्षित, सत्यापित और यूनिफॉर्मधारी स्टाफ अनिवार्य
लिनेन मैनेजमेंट, टॉयलेट मेंटिनेंस और कचरा प्रबंधन शामिल
बेसिक सेफ्टी चेक और छोटी-मोटी मरम्मत की जिम्मेदारी
यात्रियों को तत्काल सहायता (फर्स्ट रिस्पॉन्स) उपलब्ध कराना
रेलवे ने इस नई पॉलिसी को शुरुआत में हर जोन की पांच चयनित ट्रेनों में लागू करने का निर्णय लिया है। आने वाले समय में इसे सभी लंबी दूरी की ट्रेनों में लागू किया जाएगा।













