ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कुएं से बरामद हुआ 20 दिन से लापता युवक का शव, करंट लगने से हुई मौत

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के चितरंगी अनुविभाग अंतर्गत गढ़वा थाना क्षेत्र के ग्राम लमसरई में 20 दिनों से लापता युवक का शव शुक्रवार को कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर सनसनीखेज खुलासा किया है।
चितरंगी एसडीओपी राहुल सैयाम ने प्रेस वार्ता में बताया कि युवक 28 फरवरी 2026 से लापता था। परिजनों द्वारा 1 मार्च को गढ़वा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस लगातार युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

ग्रामीणों के बीच चल रही चर्चाओं के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की। एसडीओपी राहुल सैयाम के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसमें थाना प्रभारी सुधेश तिवारी, अनिल पटेल, महिला निरीक्षक आराधना सिंह परिहार सहित एफएसएल टीम बैढ़न और रीवा की टीम शामिल रही।


पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन आरोपियों—रामविलास साकेत, कन्हैया साकेत (निवासी डीघवार) और अवधलाल उर्फ फोड़े साकेत (निवासी नेवारी, उत्तर प्रदेश)—को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जंगली जानवरों के शिकार के लिए हाई वोल्टेज करंट की कटिया बिछाई थी।
28 फरवरी को मृतक शौच के लिए खेत की ओर गया, जहां वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना को छुपाने के लिए आरोपियों ने युवक के शव को अपने घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया। 20 मार्च 2026 को पुलिस ने कुएं से शव बरामद कर लिया।
करीब 20 दिनों तक चली सर्चिंग और जांच के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Author

Related Articles

Back to top button