भोपाल में सिंगरौली की प्रगति पांडेय का सम्मान, युवा संसद में बढ़ाया जिले का मान

सिंगरौली। सिंगरौली की होनहार छात्रा प्रगति पांडेय ने “विकसित भारत युवा संसद 2026” में सक्रिय सहभागिता कर जिले का नाम रोशन किया है। यह कार्यक्रम 19 से 20 मार्च तक मध्य प्रदेश विधानसभा भवन के मानसरोवर हॉल में आयोजित हुआ।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन MY भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सहयोग से किया गया, जिसमें प्रदेशभर से युवाओं ने भाग लेकर “विकसित भारत” के विचारों पर मंथन किया।
देवसर निवासी प्रगति पांडेय को उत्कृष्ट सहभागिता के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। चयन से पहले उन्होंने जिला स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उन्हें राज्य स्तरीय मंच के लिए चुना गया। भोपाल में भी उन्होंने प्रभावशाली वक्तव्य देकर निर्णायकों को प्रभावित किया।
प्रगति की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता कौशलेंद्र पांडेय ने गर्व जताते हुए कहा कि उनकी बेटी ने सिहावल क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर जिले का मान बढ़ाया है। स्थानीय लोगों ने भी इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।












