बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलयुगी पुत्र ने शराब के नशे में पिता को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली । जिला मुख्यालय से दूर चितरंगी थाना क्षेत्र के सुदा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी पुत्र ने शराब के नशे में धुत होकर अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पुत्र को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुदा गांव निवासी आरोपी दयाराम कोल को शराब की लत थी। वह अक्सर शराब के नशे में अपने वृद्ध पिता भुलाई कोल के साथ गाली-गलौज और मारपीट किया करता था। बीती रात भी आरोपी शराब पीकर घर पहुँचा और किसी बात को लेकर पिता से उलझ गया। विवाद इतना बढ़ा कि दयाराम ने अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग भुलाई कोल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आरोपी पुत्र की तलाश शुरू की। पकड़े जाने के डर से भाग रहे आरोपी दयाराम कोल को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि: “आरोपी पुत्र अक्सर शराब पीकर पिता से मारपीट करता था। हत्या की स्पष्ट वजह अभी अज्ञात है, जिसकी जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।”

इस सनसनीखेज वारदात के बाद सुदा गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि भुलाई कोल एक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन उनका पुत्र आए दिन नशे में हंगामा करता था। पुलिस अब इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Author

Related Articles

Back to top button