बाइक-स्कूटी की आमने-सामने टक्कर, महिला पटवारी समेत दो गंभीर घायल

सिंगरौली। जिले के सरई मुख्य बाजार में सोमवार देर रात बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार महिला पटवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक सवार युवक को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला पटवारी मेहरून पांडे अपनी स्कूटी से बाजार क्षेत्र से गुजर रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे घोघरा निवासी बाइक सवार युवक पवन जायसवाल से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि महिला पटवारी के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि युवक के सिर और छाती में चोटें लगी हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।













