नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख से ज्यादा की ठगी, पीड़ितों ने एसपी से लगाई गुहार

सिंगरौली। जिले में लॉजिस्टिक कंपनियों के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। तीन अलग-अलग आवेदनों के माध्यम से कुल 25 लाख 55 हजार 145 रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय और कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैढ़न क्षेत्र के पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि उन्हें Ekart Logistic और Delhivery Logistic में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया। इस बहाने उनसे भारी रकम वसूली गई। एक आवेदक से करीब 2 लाख रुपये, दूसरे से 8 लाख रुपये और तीसरे मामले में 15 लाख 55 हजार 145 रुपये लिए गए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद न तो नौकरी दी गई और न ही रकम वापस की गई।
पीड़ित विनय कुमार वैश्य ने बताया कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों द्वारा धमकियां दी जाने लगीं। उन्होंने कहा कि न्याय पाने के लिए उन्हें प्रशासन की शरण लेनी पड़ी है।आवेदनों में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने पीड़ितों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
साथ ही, आरोपियों के परिजनों पर भी अभद्र व्यवहार और डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने पहले भी बैढ़न कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में सभी पीड़ित एक बार फिर एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच कर पूरी राशि वापस दिलाने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।













