वार्ड 36 में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न: ओम साई अस्पताल के सौजन्य से हुआ परीक्षण व दवा वितरण

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 36 स्थित जयनगर आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। स्थानीय पार्षद प्रेम सागर मिश्रा की पहल पर आयोजित इस शिविर में ओम साई अस्पताल, बिलोंजी (बैढ़न) के विशेषज्ञों ने वार्डवासियों के स्वास्थ्य की जांच की।
शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने बताया कि वार्ड के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के समीप उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने अपनी जांच कराई।
ओम साई अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का परीक्षण करने के बाद उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं। इस दौरान रक्तचाप, शुगर और सामान्य मौसमी बीमारियों की जांच प्रमुखता से की गई।
पार्षद ने कहा कि “वार्डवासियों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। ओम साई अस्पताल के सहयोग से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक पहुंचना था जो आर्थिक कारणों से बड़े अस्पतालों तक नहीं जा पाते।”
शिविर की सफलता पर वार्डवासियों ने पार्षद और अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।













