ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एसपी की जनसुनवाई में उमड़े फरियादी, त्वरित निराकरण के निर्देश

सिंगरौली। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार, 24 मार्च 2026 को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने प्रत्येक आवेदक से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना।

जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए आवेदकों ने आपसी विवाद, संपत्ति संबंधी मामलों और पारिवारिक शिकायतों के आवेदन प्रस्तुत किए। एसपी खत्री ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष आवेदनों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए।

महिला फरियादियों की शिकायतों पर संवेदनशीलता बरतते हुए महिला थाना प्रभारी श्रीमती आराधना सिंह परिहार व अन्य महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, सीएसपी विंध्यनगर उमेश प्रजापति, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम सहित कोतवाली, नवानगर और विंध्यनगर के थाना प्रभारी उपस्थित रहे। सिंगरौली पुलिस ने दोहराया कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस सदैव तत्पर है और इस तरह की जनसुनवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button