ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

 

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। हादसा परशुराम चौराहा पर सुबह करीब 3 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पास के नीम के पेड़ से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक अन्य की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पीछा कर रही थी पुलिस, भागते हुए मारी टक्कर

चश्मदीदों के मुताबिक, स्कॉर्पियो ने इससे पहले बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद पुलिस उसका पीछा कर रही थी। भागने के दौरान स्कॉर्पियो चालक ने ऑटो को टक्कर मार दी।

ऑटो ड्राइवर की हालत नाजुक

मामले में धर्मवीर यादव ने बताया कि दो बच्चे, एक महिला और ऑटो चालक राजेश कुमार को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ऑटो चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक अमन शर्मा को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच शुरू कर दी है। साथ ही थाटीपुर थाना पुलिस ने एमपी 21 जेड ई 5911 नंबर की स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन का अगला कांच टूटा हुआ है और एयरबैग खुले मिले हैं।

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं

पुलिस के अनुसार, सभी मृतक एक ही शाक्य परिवार के थे, जो मुरार क्षेत्र के घास मंडी और थाटीपुर की सरकारी मल्टी में रहते थे। गुरुवार को परिवार में शुभम के बेटे आरव का जन्मदिन मनाया गया था।

दिन में करौली माता मंदिर और वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद परिवार ने रात में शीतला माता के दर्शन के लिए जाने का फैसला किया था। लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button