बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

आवारा मवेशियों को लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे ग्रामीण, 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा; 7 दिन का अल्टीमेटम

सिंगरौली। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 28 अशोक वार्ड, कचनी में आवारा मवेशियों की समस्या से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मवेशियों के झुंड को लेकर नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंच गए और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आवारा मवेशियों के कारण सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं, पशुओं के खेतों में घुसने से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि विशेष अभियान चलाकर मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाया जाए।

महात्मा फुले फाउंडेशन ने सौंपा ज्ञापन

महात्मा फुले फाउंडेशन समिति के जिलाध्यक्ष लालबाबू कुशवाहा के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त के नाम 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। इसमें आवारा मवेशियों के प्रबंधन के साथ वार्डों में नियमित सफाई, सफाई कर्मियों की कमी दूर करने, कचरा उठाव और नालियों की सफाई का रोस्टर सार्वजनिक करने की मांग की गई।

ज्ञापन में वार्ड 28 में स्वीकृत निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने, जर्जर सड़कों और नालियों का पुनर्निर्माण, जल निकासी की व्यवस्था तथा स्ट्रीट लाइट और एलईडी बल्बों की गुणवत्ता जांच कर बंद लाइटों को बदलने की मांग भी शामिल है।

सात दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन

लालबाबू कुशवाहा ने कहा कि जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर समाधान चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि 7 दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

Author

Related Articles

Back to top button