बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

छठ घाटों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारी तेज, एसडीओपी अमित कुमार ने मोरवा में लिया व्यवस्थाओं का जायजा

 

सिंगरौली। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सिंगरौली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसडीओपी सिंगरौली अमित कुमार ने मोरवा स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन का जायजा लिया। उन्होंने अनुभाग के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में किए गए निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने घाट तक पहुंचने वाले मार्गों, वाहन पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का अवलोकन किया।

प्रवेश-निकास और बैरिकेडिंग पर जोर

एसडीओपी अमित कुमार ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि छठ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित प्रवेश और निकास मार्ग बनाए जाएं तथा यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घाटों पर भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए सतर्क रहने को कहा।

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। गहरे पानी वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button