छठ महापर्व पर नौगढ़ में सजेगी सुरों की महफिल, अशोक पाण्डेय अपनी टीम के साथ देंगे प्रस्तुत

सिंगरौली। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर नौगढ़ में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सिंगरौली के सुप्रसिद्ध लोक गायक अशोक पाण्डेय अपनी पूरी संगीत टीम के साथ प्रस्तुति देंगे। छठ पर्व पर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
अशोक पाण्डेय पिछले कई वर्षों से अपनी गायकी और लोक कला के माध्यम से सिंगरौली की सांस्कृतिक पहचान को प्रदेशभर में प्रस्तुत कर रहे हैं। उनकी संगीत टीम की प्रस्तुति से छठ महापर्व के आयोजन में भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग देखने को मिलेगा।
पार्षद रामगोपाल पाल और वार्डवासियों की पहल
इस सांस्कृतिक संध्या का आयोजन वार्ड क्रमांक 45 के पार्षद रामगोपाल पाल और वार्ड की जनता के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं, ताकि छठ व्रतियों और उपस्थित दर्शकों को भक्ति संगीत के साथ मनोरंजन का अवसर मिल सके।
कई कलाकार देंगे अपनी प्रस्तुति
कार्यक्रम में अशोक पाण्डेय के साथ लल्लू प्रसाद, राकेश उपाध्याय, हरिश्चंद्र उड़े, संतोष शर्मा, प्रनिता शाह, अमृता भट्ट और उर्मिला सहित संगीत मंडली के अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति से नौगढ़ की सांस्कृतिक शाम संगीत और भक्ति के रंगों से सराबोर होने की उम्मीद है।













