स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों का सीईओ जिला पंचायत ने किया निरीक्षण
महिलाओं द्वारा संचालित गौशाला, मत्स्य पालन, मल्टी लेयर फार्मिंग एवं अन्य गतिविधियों का लिया जायजा

सिंगरौली, । जन विश्वास अभियान के तहत नगर परिषद सरई में आयोजित शिविर के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री संघप्रिय ने आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित गौशाला, मल्टी लेयर फार्मिंग, मत्स्य पालन, सब्जी उत्पादन, बकरी पालन एवं जैविक खाद निर्माण जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय ने स्व-सहायता समूहों की महिला सदस्यों से संवाद कर गतिविधियों के संचालन, उत्पादन, विपणन, आय एवं आर्थिक लाभ की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आजीविका गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित एवं व्यावसायिक स्वरूप में संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न आयमूलक गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आजीविका गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को नियमित आय के अवसरों से जोड़ने के निर्देश दिए।













