मोरवा के विस्थापित परिवारों से प्रमुख सचिव खनिज ने किया संवाद
विस्थापितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, एक्ट के प्रावधानों के अनुसार लाभ दिलाने का दिया आश्वासन

सिंगरौली,। जिले के प्रवास पर आए मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, खनिज साधन विभाग श्री विवेक पोरवाल ने सामुदायिक भवन मोरवा में एनसीएल परियोजना से विस्थापित हो रहे परिवारों के नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विस्थापितों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवाद के दौरान कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना एवं अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी उपस्थित रहे।

प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने विस्थापित परिवारों को आश्वस्त किया कि पात्र परिवारों को संबंधित अधिनियम एवं विस्थापन नीति के प्रावधानों के अनुसार लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विस्थापन के लिए चिन्हित की जा रही कॉलोनियों में नियोजित रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कॉलोनियों में पेयजल, सड़क, विद्यालय, चिकित्सालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही की जाएगी, ताकि विस्थापित परिवारों को बेहतर आवासीय एवं नागरिक सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने कहा कि विस्थापित परिवारों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। अधिनियम में किए गए प्रावधानों के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विस्थापित परिवारों को प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
संवाद के दौरान विस्थापित संघ के पदाधिकारियों ने भी अपनी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं से प्रमुख सचिव को अवगत कराया। इस अवसर पर प्राधिकरण अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गोयल, पूर्व विधायक राम लल्लू बैस, एसडीएम सुरेश जाधव, खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल, राजेश सिंह, भूपेन्द्र गर्ग, मनोज कुलश्रेष्ठ, ललित श्रीवास्तव सहित विस्थापित संघों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।













