देर रात बलियरी स्थित किराना दुकान में लगी भीषण आग, दुकान जलकर राख, लाखों का हुआ नुकसान

सिंगरौली। जिले के वैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियरी इलाके में गुरुवार देर रात करीब 2 बजे एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी दुकान देखते ही देखते जलकर राख हो गई। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया।
बताया जा रहा है कि दुकान अशोक शाह की थी। आग की चपेट में किराना सामग्री के साथ फ्रिज, टीवी, मोबाइल, कुर्सियां, अलमारी, सीमेंट की चादरें और जरूरी दस्तावेज भी जलकर खाक हो गए, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग देर रात लगी, जिससे आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब लोग उठे, तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित दुकानदार ने वैढ़न कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।













