हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से मिले : विधायक विश्वामित्र पाठक
विधायक ने देवसर में विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

सिंगरौली, । विधानसभा क्षेत्र सिहावल में स्वीकृत सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उक्त निर्देश सिहावल विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने मंगलवार को उपखंड सभागार देवसर में आयोजित विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विधायक ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक ने खराब हैंडपंपों का तत्काल सुधार कराने तथा नल-जल योजनाओं के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का कार्य पूर्ण होने के बाद ही उसे संबंधित ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया जाए। जल निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन एवं पानी की टंकियों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत के कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिक से अधिक सामुदायिक एवं हितग्राहीमूलक कार्य स्वीकृत कराने, पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करने तथा नवीन स्वीकृत, प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कराने के लिए भी कहा।
विधायक श्री पाठक ने सभी अस्पतालों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान रात्रि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने के लिए कहा। लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को सड़कों के निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा पूर्ण कार्यों का लोकार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए रबी फसलों के बीज किसानों को समय पर उपलब्ध कराने तथा शिक्षा विभाग को पाठ्यपुस्तकों, गणवेश एवं साइकिल वितरण की समीक्षा कर पात्र विद्यार्थियों को समय पर लाभान्वित करने के लिए कहा।
आजीविका मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान विधायक ने दुग्ध संग्रहण एवं चिलिंग की व्यवस्था के लिए उच्च स्तर पर आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए। बैठक में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए चरवाहों की व्यवस्था तथा सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विधायक श्री पाठक ने सभी खंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा पात्र हितग्राहियों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं। बैठक में एस.एस. श्रीराम (आईएएस), एसडीएम देवसर, सौम्या मिश्रा (आईएएस), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवसर सहित विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।













