बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत ने सुनीं 186 आवेदकों की समस्याएं

प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सिंगरौली 13 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 186 आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ जिला पंचायत ने आवेदकों से उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल प्रकरण के निराकरण की प्रविष्टि करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि संबंधित आवेदक को वास्तविक राहत मिले। अधिकारियों को की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को समय पर उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

 

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण लोकहितकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करते हैं। अतः प्रत्येक आवेदन पर पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जाए। प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के निराकरण की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, डिप्टी कलेक्टर श्री सौरभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button