सिंगरौली के सितारे कार्यक्रम में छात्राओं ने किया अंतरिक्ष दर्शन, चंद्रमा और शनि के दीदार से बढ़ा उत्साह
प्रोफेशनल टेलीस्कोप से चंद्रमा की सतह, शनि के वलय और बृहस्पति ग्रह का किया अवलोकन

सिंगरौली, 13 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री गौरव बैनल की पहल पर जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा विज्ञान एवं खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से एकलव्य आवासीय विद्यालय बरगवां में ‘सिंगरौली के सितारे–अंतरिक्ष दर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को आधुनिक प्रोफेशनल टेलीस्कोप के माध्यम से विभिन्न खगोलीय पिंडों के प्रत्यक्ष अवलोकन का अवसर मिला। अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से देखने का अवसर पाकर छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने टेलीस्कोप की सहायता से चंद्रमा की सतह, शनि ग्रह के वलयों और बृहस्पति ग्रह की विशेषताओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्हें तारामंडलों एवं अन्य खगोलीय पिंडों के संबंध में जानकारी दी गई। पुस्तकों में पढ़े गए वैज्ञानिक तथ्यों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिलने से छात्राओं की जिज्ञासा बढ़ी।
छात्राओं ने उत्साहपूर्वक खगोलीय पिंडों के बारे में जानकारी प्राप्त की और अंतरिक्ष, ग्रहों तथा उनकी विशेषताओं से जुड़े विभिन्न विषयों को समझा।कार्यक्रम में देवसर विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा और नई चीजों को जानने की ललक ही उन्हें भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। विज्ञान एवं खगोल विज्ञान जैसे विषयों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उनके व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं को साकार करने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नई संभावनाओं की खोज करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियो से कहा कि वे मन में उठने वाले सवालों के उत्तर खोजने का प्रयास करें, निरंतर अध्ययन करें और वैज्ञानिक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए ऐसे अवसर उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनमें वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और अनुसंधान की भावना विकसित करना रहा। ‘सिंगरौली के सितारे–अंतरिक्ष दर्शन’ जिले के विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाओं का वैज्ञानिक समाधान खोजने, नई जानकारियां प्राप्त करने तथा भविष्य में खगोल विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।एकलव्य आवासीय विद्यालय बरगवां में आयोजित कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी तथा सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रेखा पांचाल उपस्थित रहीं।













