फर्जी सिम रैकेट का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली- सिंगरौली जिले में फर्जी सिम कार्ड सक्रिय करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन FACE (फेशियल ऑथेंटिकेशन एंड कॉम्पियंस इंफोर्समेंट) के तहत की गई।
उक्त कार्यवाही थाना कोतवाली बैढ़न एवं साइबर सेल सिंगरौली द्वारा संयुक्त रूप से की गयी। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर इस गिरोह का पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि कटौली निवासी अनिल कुमार रवानी, जो सिम बेचने वाला पीओएस संचालक है, एक ही व्यक्ति के चेहरे का उपयोग कर अलग-अलग नाम और पते से सैकड़ों सिम कार्ड फर्जी तरीके से एक्टिवेट कर रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी मां उर्मिला रवानी के चेहरे के विभिन्न एंगल से फोटो लेकर करीब 340 सिम कार्ड एक्टिवेट किए, वहीं अन्य लोगों के चेहरों का इस्तेमाल कर कुल लगभग 850 सिम कार्ड फर्जी तरीके से चालू किए। इन सिम कार्डों को उसने पैसों के लालच में सिराज खान उर्फ शेरु सहित अन्य लोगों को बेच दिया, जिनका उपयोग आपराधिक गतिविधियों में किए जाने की आशंका है।
इस मामले में थाना बैढ़न में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनिल कुमार रवानी और सिराज खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई एआई आधारित फेशियल रिकग्निशन टूल (ASTR) से प्राप्त डाटा के आधार पर की गई, जिसमें एक ही चेहरे से कई सिम एक्टिवेशन की पुष्टि हुई थी। मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अशोक सिंह परिहार के साथ उपनिरीक्षक उदय करिहार, पवन सिंह, शिवम सिंह, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत मिश्रा, अजीत सिंह, आशीष त्रिपाठी, आरक्षक अभिमन्यु उपाध्याय, प्रशांत केशरी, वीरन सिंह एवं नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













