सिस्टम से हारा युवक 6 घंटे तक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा, प्रशासन के आश्वासन पर उतरा

सिंगरौली । जिले के चितरवई कलां गांव में शनिवार को एक युवक का अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जहां सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने से परेशान होकर 28 वर्षीय युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। करीब 6 घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन के आश्वासन पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
जानकारी के अनुसार, चितरवई कलां निवासी संतोष नाई शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर के पास लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर चढ़ते ही उसने स्वयं ‘डायल 112’ पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतरने के लिए समझाइश दी, लेकिन उसने अपनी मांगें पूरी होने तक नीचे आने से इनकार कर दिया।
युवक का आरोप था कि उसके परिवार को कई महीनों से सरकारी राशन नहीं मिल रहा है। साथ ही, उसकी पत्नी को प्रसव के बाद मिलने वाली मातृत्व योजना की सहायता राशि भी अब तक नहीं दी गई है। इन समस्याओं को लेकर वह लंबे समय से दफ्तरों के चक्कर लगा रहा था, लेकिन समाधान नहीं मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार प्रीति सिकरवार और चौकी प्रभारी शीतला यादव मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर जल्द ही राशन उपलब्ध कराने और मातृत्व योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब 8 बजे युवक टॉवर से नीचे उतर आया।इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि जिले में हाल के दिनों में इस तरह के विरोध के कई मामले सामने आ चुके हैं।













