तेज रफ्तार जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने 7 घंटे तक किया सड़क जाम

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदवाली इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसकी मां जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं। एक तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे 39 पर करीब 7 घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
निजी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गोदवाली इलाके में एक बेलगाम जेसीबी ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बैढ़न स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां सघन उपचार के दौरान पुत्र संदीप वैश्य की मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार मां की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज लगातार जारी है।
हाइवे पर लगा लंबा जाम, राहगीर हुए हलकान
हादसे और युवक की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने घटनास्थल पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और नेशनल हाईवे 39 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग और गुस्से के कारण यह चक्काजाम लगभग 7 घंटे तक चला। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासनिक अमला मौके पर, सख्त कार्रवाई का आश्वासन
हालात तनावपूर्ण होते देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम और तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार ग्रामीणों और परिजनों से संवाद कर जाम खुलवाने का प्रयास करती रही। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। हादसे में जिस किसी की भी लापरवाही उजागर होगी, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













