जन अभियान परिषद ने की नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक

सिंगरौली । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला सिंगरौली के तत्वावधान में नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं की एक दिवसीय जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन चितरंगी स्थित कुडैनिया उद्यानिकी विभाग में संपन्न हुआ।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जन अभियान परिषद के शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति में भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक, एसडीओ रामसेवक कोल, जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा, सरपंच प्रतिनिधि सुष्मिता सिंह एवं विकास खंड समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संभाग समन्वयक श्री पाठक ने नवांकुर संस्थाओं और परामर्शदाताओं द्वारा जनवरी से मार्च माह तक किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में आगामी लक्ष्यों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए उन्होंने जल गंगा अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सभी सेक्टरों में जल संवर्धन गतिविधियों को सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिए ।
साथ ही आगामी मानसून सत्र जुलाई-अगस्त को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक नवांकुर संस्था को अभी से सेक्टर स्तर पर नर्सरी तैयार करने को कहा गया, ताकि समय पर पौधरोपण हेतु पौधे उपलब्ध हो सकें। जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा ने आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए सभी को निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूर्ण करने हेतु प्रशिक्षित किया।इस अवसर पर जिले की विभिन्न नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं परामर्शदाता उपस्थित रहे।













