ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

नर्मदा में नाव पलटी, 16 यात्रियों की जान पर बनी आफत, चार युवकों ने दिखाई बहादुरी

 

नरसिंहपुर / देवरी। एमपी के रायसेन जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रमपुरा घाट पर सोमवार शाम नर्मदा नदी में बड़ा हादसा टल गया। 16 यात्रियों और 5 मोटरसाइकिलों से लदी एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव रमपुरा घाट से नरसिंहपुर जिले के रिछावर घाट की ओर जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव में क्षमता से अधिक लोग और वाहन सवार थे। अधिक भार के चलते नाव संतुलन खो बैठी और उसमें पानी भरने लगा। कुछ ही पलों में नाव डगमगाकर पलट गई, जिससे सभी यात्री और बाइक नदी में जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चार युवकों की बहादुरी बनी सहारा

हादसे के वक्त स्थानीय युवक गंगाराम लोधी, डोमल लोधी, संदीप लोधी और सीरविंद लोधी ने अद्भुत साहस दिखाया। चारों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाई और तेज बहाव के बीच एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। नाव में महिलाएं, बच्चे और पुरुष सवार थे, लेकिन युवकों की तत्परता से सभी 16 लोगों की जान बच गई।

नदी में डूबीं बाइक, सर्चिंग जारी

हादसे में नाव पर रखी सभी 5 मोटरसाइकिलें नदी में डूब गईं। अब तक 3 बाइक को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 2 की तलाश जारी है। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

घटना के बाद सभी घायलों को देवरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को सुरक्षित बताया।

बहादुर युवकों का होगा सम्मान

प्रशासन ने चारों युवकों की बहादुरी को सराहते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है। उनकी सूझबूझ और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार जयपाल उइके और थाना प्रभारी जयदीप भदोरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से जानकारी जुटाई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button