एसपी ऑफिस में जनसुनवाई: फरियादियों की समस्याएँ सुनीं, कई मामलों का मौके पर समाधान

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने स्वयं उपस्थित होकर एक-एक आवेदक की समस्या सुनी और उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
महिला फरियादियों की शिकायतों को विशेष गंभीरता से लेते हुए महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग भी कराई गई। साथ ही संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम, उप पुलिस अधीक्षक रोशनी कुर्मी, थाना प्रभारी नवानगर अनिल पटेल, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।पुलिस प्रशासन का कहना है कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए इस तरह की जनसुनवाई आगे भी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।













