सरिया चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 32 हजार का माल बरामद

सिंगरौली। जिले के विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र में हुई सरिया चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 32 हजार रुपए मूल्य का चोरी किया गया लोहे का सरिया बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को ढोंटी निवासी रितिक गुप्ता और केवलराम चौधरी ने थाना विन्ध्यनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर रखे सरिया के बंडल 24 और 26 मार्च की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से संदेह के आधार पर अरविन्द कुमार शाह उर्फ सोनू (25) और शिवम पाण्डेय (24) निवासी ढोंटी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उनके पास से चोरी गया सरिया जब्त कर लिया।पुलिस के अनुसार मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही है।













