बोरी ओढ़कर दुकान में घुसा चोर, 90 हजार नकद पार; CCTV में कैद ‘बोरी वाला’

सिंगरौली। जिले के देवसर बाजार में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है, जिसने व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है। यहां एक शातिर चोर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शरीर पर बोरी ओढ़ ली और किराना दुकान में घुसकर करीब 90 हजार रुपए नकद चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार त्रयंबकेश गुप्ता रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो ऊपर का दरवाजा टूटा हुआ मिला और अंदर रखा नगद गायब था। घटना करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि दुकान मुख्य चौराहे और नेशनल हाईवे के पास स्थित है, जहां पूरी रात आवाजाही बनी रहती है। वहीं, कुछ ही दूरी पर जियावन थाना होने के बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे दिया। इस घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में डर का माहौल है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए ‘बोरी वाले चोर’ की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













