प्रधानमंत्री राहत कोष से कैंसर मरीज को 3 लाख की सहायता, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अनुशंसा पर मिली मदद

सिंगरौली। जिले के ग्राम कोल्हूडीह की निवासी तारावती शुक्ला को कैंसर उपचार के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है। यह सहायता सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा की अनुशंसा पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार, तारावती शुक्ला लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में उनकी सहायता के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष में आवेदन किया गया, जिसे स्वीकृति मिलते ही 3 लाख रुपए की आर्थिक मदद जारी की गई।
इस सहायता से अब मरीज के इलाज में काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि आर्थिक सहयोग मिलने से उपचार की राह आसान हुई है और परिवार को बड़ी राहत मिली है।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि तारावती शुक्ला शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटें।













