राज्यमंत्री राधा सिंह की उपस्थिति में ‘स्कूल चलें हम’ प्रवेशोत्सव सम्पन्न, विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

सिंगरौली। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैढ़न में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम राज्य मंत्री राधा सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में रामनिवास शाह, गौरव बैनल, देवेश पाण्डेय, सुन्दर लाल शाह, अर्चना सिंह एवं जगदीश गोमे सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्यमंत्री राधा सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, स्टेशनरी किट एवं पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है” और हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, विशेषकर बालिकाओं के नामांकन पर जोर दिया।
कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि अभियान के दौरान हर पात्र बच्चे का प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, खेल एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग, स्पोर्ट्स सुविधाएं और स्वास्थ्य परीक्षण जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही छात्राओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। अंत में सेल्फी प्वाइंट पर जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इसी तरह जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पार्षद सीमा जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला सहित शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













