मध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क परियोजनाओं को गति देने सांसद की पहल, नितिन गडकरी से मुलाकात कर रखीं अहम मांगें

 

सिंगरौली। सीधी–सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।

सांसद ने सीधी–सिंगरौली सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की संशोधित निविदा हाल ही में सीसी बिल्डकॉन को प्राप्त हो चुकी है और वर्तमान में कागजी प्रक्रिया जारी है। सांसद ने मंत्री से प्रक्रिया में तेजी लाकर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।

इसके साथ ही सांसद ने बरगवां से कटनी (सरई, मड़वास, ब्यौहारी, विजयसोता मार्ग) तक नए राजमार्ग के निर्माण एवं उसे राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में उन्नयन कर फोरलेन सड़क बनाने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की प्रारंभिक रूपरेखा वर्ष 2021-22 में तैयार की गई थी और इसे राज्य स्तर पर सैद्धांतिक स्वीकृति भी मिल चुकी है, लेकिन अब तक इस पर ठोस प्रगति नहीं हो सकी है।सांसद ने कहा कि बरगवां–कटनी मार्ग के निर्माण से सिंगरौली और कटनी के बीच औद्योगिक कॉरिडोर के विकास को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात सुविधाएं बेहतर होंगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Author

Related Articles

Back to top button