श्री हनुमान जी के प्राकट्योत्सव पर बैढ़न में भव्य आयोजन
24 घंटे का पाठ शुरू, आज निकलेगी शोभायात्रा

सिंगरौली :श्रीराम भक्त हनुमान जी के पावन प्राकट्योत्सव के अवसर पर जिला मुख्यालय बैढ़न में भव्य आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत बुधवार को बड़े हनुमान मंदिर में 24 घंटे के श्रीरामचरितमानस पाठ एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हो चुकी है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार गुरुवार को इस आयोजन का मुख्य आकर्षण भव्य शोभायात्रा होगी, जो वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ निकाली जाएगी। शोभायात्रा का शुभारंभ नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित शिव मंदिर प्रांगण से दोपहर 3:30 बजे किया जाएगा। यह यात्रा बिलौंजी मेन रोड, पुराना यातायात तिराहा, लाडली पथ, थाना चौक, अंबेडकर चौक, तुलसी मार्ग होते हुए जय स्तंभ चौक हनुमान मंदिर पहुंचकर सम्पन्न होगी।
पूरे बैढ़न शहर को इस अवसर पर भगवा झंडों, तोरण द्वारों, झालरों और फूलों से आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा जगह-जगह स्वागत मंच भी बनाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है और तैयारियां देर रात तक जारी रहीं।
आयोजन विश्व हिंदू परिषद सिंगरौली एवं हनुमान जन्मोत्सव सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं आमजन की सहभागिता भी इस आयोजन को और भव्य बनाएगी।
शोभायात्रा के समापन के पश्चात हनुमान मंदिर में महाआरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।













