देवसर में छात्रावास के सामने खुल रही शराब दुकान पर विवाद, स्थानीयों ने जताया विरोध

सिंगरौली। जिले के देवसर बाजार में प्रस्तावित नई शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि आबकारी विभाग द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए छात्रावास के ठीक सामने और घनी आबादी वाले क्षेत्र में दुकान खोलने की अनुमति दी गई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, जिस स्थान पर शराब दुकान खोली जा रही है, उसके सामने छात्रावास स्थित है, जिससे वहां रह रहे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है। लोगों का कहना है कि दुकान खुलने के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा और शोरगुल से शैक्षणिक माहौल खराब होगा।
वहीं, यह स्थान मुख्य मार्ग सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे-39 के भी काफी करीब बताया जा रहा है, जो निर्धारित दूरी संबंधी नियमों के विपरीत है। आबकारी नियमों के तहत शराब दुकानें शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों और घनी आबादी से निश्चित दूरी पर होनी चाहिए, लेकिन यहां इन मापदंडों की अनदेखी किए जाने के आरोप लग रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों का कहना है कि इस निर्णय से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी असर पड़ेगा, साथ ही क्षेत्र में विवाद और अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है।
गौरतलब है कि यह शराब दुकान पहले पश्चिमी बाईपास क्षेत्र में संचालित थी, लेकिन नए टेंडर के बाद इसे देवसर बाजार में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस स्थान पर शराब दुकान खोलने की अनुमति निरस्त की जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस विरोध के बीच क्या निर्णय लेता है।













