बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कुएं में मिली महिला की लाश पर बवाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के गोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम चिताही में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुई इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतका की पहचान दिव्या भारती (30 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कुएं में डूबना बताया जा रहा है।

मृतका के पति जगलाल के अनुसार, रात में भोजन के बाद पूरा परिवार सो गया था। देर रात जानकारी मिलने पर जब परिजन कुएं के पास पहुंचे तो महिला का शव पानी में मिला।

घटना की सूचना पर गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

इधर मृतका के मायके पक्ष ने इसे हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सिंगरौली के बजाय रीवा में पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button