चितरंगी-दुधमनिया के खनिज ब्लॉकों की नीलामी पर कलेक्टर ने की समीक्षा

सिंगरौली। चितरंगी एवं दुधमनिया क्षेत्र के तीन प्रस्तावित खनिज ब्लॉकों की नीलामी को लेकर कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में ‘प्री ऑक्शन कमेटी’ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए खनिज ब्लॉकों के पूर्वेक्षण (एक्सप्लोरेशन) और नीलामी की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सुलखान खुर्द-बूढ़ाडोल, मटिहानी-जम्हिलवा-बरगर तथा बरहवा-बगैया-गौरहवा खनिज ब्लॉकों के प्रस्तावों का गहन परीक्षण किया गया। कमेटी ने इन ब्लॉकों के तकनीकी, प्रशासनिक और भू-वैज्ञानिक पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की।
परीक्षण के बाद सभी प्रस्तावों को अंतिम स्वीकृति और आगे की प्रक्रिया के लिए संचालक, प्रशासन एवं खनिकर्म विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में खनिज, वन और राजस्व विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल, एसडीओ फॉरेस्ट नरेन्द्र त्रिपाठी, अधीक्षक भू-अभिलेख मानसिंह मौर्य, ईई पीडब्ल्यूडी तेजस्विनी, एसडीओ जल संसाधन विभाग सहित सहायक खनिज अधिकारी रामशुसील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का मानना है कि इन खनिज ब्लॉकों की नीलामी से जिले में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी।













